
Deoghar: फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी सहित अन्य तरीके से लोगों को झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाने वाले 08 साइबर ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार होने वालों में सारठ थाना इलाके के कपसा निवासी दिलबर अंसारी, पिंडरी निवासी तनवीर अंसारी पथरड्डा ओपी क्षेत्र के दुधवाजोरी निवासी जितेन्द्र दास, साजन महरा, विष्णु महरा, उत्तम महरा रांगामटिया निवासी राजेश महरा और सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के चंदनपुरा निवासी लुकमान अंसारी के नाम शामिल हैं।

इन गिरफ्तार आरोपितों के पास से 09 मोबाइल फोन व 11 सिम कार्ड बरामद किया गया है। इन सभी की गिरफ्तारी पथरड्डा ओपी क्षेत्र के तेतरिया स्थित जंगल-झाड़ से किया गया है।
एसपी सौरभ को जंगल-झाड़ी में छिपकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने की योजना बनाने के बारे में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसपी ने कार्रवाई का निर्देश दिया। इसी आलोक में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक नागेन्द्र कुमार मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक विश्वेशर कुमार, सारठ थाना एवं पथरड्डा ओपी की पुलिस टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के क्रम में 08 को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपितों को थाना लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपितों ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया है। आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



