Deoghar : देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल त्रिकुट पहाड़ पर रविवार की अहले सुबह करीब पांच बजे अचानक विशालकाय चट्टान टूटकर नीचे गिर गई। चट्टान गिरने के दौरान इतनी जोरदार आवाज हुई कि आसपास का पूरा इलाका गूंज उठा। भयावह आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों और दुकानदारों में दहशत फैल गई।

कुछ देर तक इलाके में धूल का गुबार छाया रहा। घटना के बाद स्थिति सामान्य होने पर ग्रामीण और दुकानदार मौके पर पहुंचे, जहां का नजारा देखकर सभी दंग रह गए। जानकारी के अनुसार, त्रिकुट पहाड़ की करीब 1500 फीट ऊंची चोटी से लगभग 200 फीट लंबा-चौड़ा पहाड़ी हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। चट्टान रास्ते में आने वाले पेड़-पौधों को तोड़ते हुए आश्रम से महज 50 फीट की दूरी तक पहुंच गई।

इसकी चपेट में आने से वहां स्थित पानी की टंकी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे पानी की आपूर्ति का स्रोत भी बंद हो गया। घटना में सैकड़ों कीमती पेड़ों के साथ हजारों छोटे-बड़े पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचने का अनुमान है। वहीं, पहाड़ पर मौजूद जड़ी-बूटियों और प्राकृतिक वन संपदा को भी भारी क्षति हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चट्टान गिरने की आवाज इतनी भयावह थी कि आसपास के जंगलों में रहने वाले बंदर, पक्षी और अन्य जंगली जानवरों में अफरातफरी मच गई। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात रही कि घटना के समय वहां कोई पर्यटक या स्थानीय व्यक्ति मौजूद नहीं था। अन्यथा बड़ी जानमाल की क्षति हो सकती थी।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले भी त्रिकुट पहाड़ पर इसी तरह चट्टान टूटकर गिरने की घटना हुई थी। उस समय भी पेड़-पौधों और प्राकृतिक संपदा को काफी नुकसान पहुंचा था। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि पहाड़ की ऊपरी चोटी पर मिट्टी का कटाव और पेड़-पौधों की कमी के कारण चट्टानों की पकड़ कमजोर हो रही होगी।
हालांकि, चट्टान गिरने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। ग्रामीणों ने वन विभाग से त्रिकुट पहाड़ की नियमित निगरानी करने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। उनका कहना है कि इस बार बड़ी घटना होने के बावजूद लोग बाल-बाल बच गए।



