Deoghar : कुंडा थाना क्षेत्र के खैरखुटी गांव में भैंस के पेशाब करने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और लूटपाट तक पहुंच गया। मामले में कुंडा थाना की पुलिस ने आरोपित उपेंद्र यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना को लेकर खैरखुटी गांव निवासी जीवलाल कुमार यादव ने कुंडा थाना में शिकायत दर्ज कराई है।

दर्ज शिकायत के अनुसार, 17 नवंबर की शाम करीब छह से सात बजे उनकी भैंस का पेशाब महेंद्र यादव के घर की ओर सड़क पर चला गया था। इसी बात को लेकर महेंद्र यादव, निर्मला देवी और संगीता देवी ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने रात में अंजाम भुगतने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता के अनुसार उसी रात करीब 12 बजे धड़ाम-धड़ाम की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली तो देखा कि महेंद्र यादव समेत सारवां थाना क्षेत्र के पलगंजिया गांव के कई लोग दीवार फांदकर उनके घर में घुसने का प्रयास कर रहे थे। आरोप है कि घर में घुसकर आरोपितों ने जान मारने की नीयत से उनके पिता विशेश्वर महतो पर रॉड से हमला कर दिया। बचाव के दौरान उनके पिता के बाएं हाथ में गंभीर चोट लगी।
जीवलाल ने आरोप लगाया है कि जब वह अपने पिता को बचाने पहुंचे तो उपेंद्र यादव, मंटू यादव और राजकुमार यादव ने रॉड व लात-मुक्के से मारपीट की। उपेंद्र यादव ने रॉड से उनके सिर पर वार किया, जो दाहिने कंधे पर लगा। इससे उनका दाहिना हाथ उठना बंद हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बहन रंभा कुमारी के साथ भी मारपीट की गई।
आरोप है कि महेंद्र यादव ने रॉड से उसकी पीठ पर वार किया, जबकि प्रदीप यादव ने कुदाल से हमला कर उसके दाहिने हाथ की उंगली और बाएं हाथ में चोट पहुंचाई। इसी दौरान उपेंद्र यादव ने उसकी बहन के गले से करीब पांच भर वजन की चांदी की चेन, जिसकी कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है, छीन ली।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उनकी मां भागरथी देवी और बड़े भाई संजय यादव के साथ भी मारपीट की गई। हमले में मां के दाहिने हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई, जबकि भाई के दाहिने हाथ में चोट लग।जीवलाल के अनुसार, आरोपितों ने घर में घुसकर लूटपाट भी की।
दो टिन के बक्से और एक वीआईपी बैग उठाकर ले गए। बैग में शादी के लिए जमा किए गए करीब 70 हजार रुपये रखे थे, जबकि टिन के बक्से में उनके भाई-भाभी के गहने और नकदी मिलाकर करीब एक लाख रुपये थे। जाते-जाते आरोपितों ने ट्रक से कुचलकर मार देने की धमकी भी दी। मामले में कुंडा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित उपेंद्र यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।



