Deoghar : बाबा बैद्यनाथ की पावन नगरी देवघर में कल, 20 नवंबर से एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (ASI), झारखंड चैप्टर के 25वें वार्षिक राज्यस्तरीय सम्मेलन सिल्वर जुबली JASICON 2026 का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन को लेकर देवघर में उत्साह का माहौल है। इस वर्ष सम्मेलन का विशेष महत्व है, क्योंकि यह JASICON का रजत जयंती वर्ष है।

सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से प्रख्यात सर्जन, वरिष्ठ चिकित्सा विशेषज्ञ, प्रतिष्ठित फैकल्टी सदस्य एवं युवा चिकित्सक भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य सर्जरी के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों, आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों, शोध एवं अनुभवों का आदान-प्रदान करना तथा युवा सर्जनों को नई तकनीकों से परिचित कराना है।

इस वर्ष सम्मेलन की थीम “Refining Sushruta’s Skill from the Land of Lord Shiva” रखी गई है, जो भारत की प्राचीन शल्य चिकित्सा परंपरा और आधुनिक सर्जरी के समन्वय को दर्शाती है।
तीन अस्पतालों से होगा लाइव सर्जरी का सीधा प्रसारण
JASICON 2026 का सबसे बड़ा आकर्षण 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से आयोजित होने वाली लाइव ऑपरेटिव वर्कशॉप होगी। इसमें देवघर के दो प्रमुख अस्पतालों अपर्णा हॉस्पिटल एवं आरिया हॉस्पिटल (Aariya Hospital) से लाइव सर्जरी का प्रसारण किया जाएगा। अपर्णा हॉस्पिटल में डॉ. तरुण मित्तल तथा आरिया हॉस्पिटल में डॉ. संजय कुमार जैन के निर्देशन एवं देखरेख में सर्जरी की जाएगी।
इसके अतिरिक्त कोयंबटूर स्थित प्रतिष्ठित GEM Hospital के प्रख्यात सर्जन डॉ. पार्थसारथी भी लगभग 4-5 लाइव सर्जरी करेंगे।
इन सभी सर्जरी का सीधा प्रसारण देवघर के मेयर गार्डन स्थित सम्मेलन स्थल के मुख्य हॉल में किया जाएगा। इस दौरान लैप्रोस्कोपिक विधि से विभिन्न प्रकार के हर्निया तथा गॉल ब्लैडर की पथरी के ऑपरेशन का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा।
इस विशेष सत्र के माध्यम से सम्मेलन में भाग लेने वाले सर्जनों एवं युवा चिकित्सकों को आधुनिक लैप्रोस्कोपिक सर्जरी की तकनीक, ऑपरेशन की बारीकियों और अनुभवी सर्जनों के व्यावहारिक अनुभवों को प्रत्यक्ष रूप से देखने एवं सीखने का अवसर मिलेगा।
तीन दिनों तक चलेगा वैज्ञानिक कार्यक्रम
सम्मेलन के पहले दिन लाइव ऑपरेटिव वर्कशॉप के साथ आमंत्रित विशेषज्ञों एवं फैकल्टी सदस्यों के व्याख्यान और शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे।
दूसरे दिन वैज्ञानिक सत्रों में विशेषज्ञ व्याख्यान, पैनल डिस्कशन, प्रतिष्ठित ऑरेशन, पीजी चिकित्सकों के पेपर एवं पोस्टर प्रेजेंटेशन आयोजित होंगे। इसके अतिरिक्त पूरे दिन हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग की विशेष व्यवस्था रहेगी, जिसमें सर्जिकल सिम्युलेटर, अपर जीआई एंडोस्कोपी, कोलोनोस्कोपी एवं लैप्रोस्कोपिक स्यूचरिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
तीसरे दिन पीजी चिकित्सकों के बीच फाइनल क्विज प्रतियोगिता, पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह आयोजित होगा।
देवघर के लिए गौरव का अवसर
JASICON 2026 का आयोजन देवघर के लिए चिकित्सा एवं शैक्षणिक दृष्टिकोण से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस सम्मेलन से न केवल झारखंड के सर्जनों को राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों के साथ संवाद और सीखने का अवसर मिलेगा, बल्कि देवघर को चिकित्सा एवं शैक्षणिक गतिविधियों के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी पहचान मिलेगी।
इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए देवघर की पूरी सर्जिकल बिरादरी और सर्जरी से जुड़ी टीम दिन-रात जी-जान से जुटी हुई है। स्थानीय सर्जनों, एनेस्थीसिया विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ, ओटी टेक्नीशियन एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के सामूहिक प्रयास से इस भव्य वैज्ञानिक आयोजन को सफल बनाने की व्यापक तैयारियां की गई हैं। यह सम्मेलन देवघर की एकजुटता, टीम भावना और चिकित्सा क्षेत्र में बढ़ती क्षमता का प्रतीक है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. जे. के. चौधरी ने कहा कि सिल्वर जुबली JASICON को यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। वहीं आयोजन सचिव डॉ. कुमार गौरव ने बताया कि इस बार लाइव सर्जरी एवं आधुनिक तकनीकों के प्रदर्शन को विशेष महत्व दिया गया है, ताकि झारखंड के सर्जन राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित हो रही शल्य चिकित्सा की नवीनतम विधियों से परिचित हो सकें।
आयोजन समिति ने राज्य एवं देश के सभी सर्जनों, चिकित्सकों और चिकित्सा विद्यार्थियों से इस ऐतिहासिक सिल्वर जुबली समारोह में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की है।



