देवघर: देवघर जिले में बदमाश बेखौफ हो गए हैं। एक सप्ताह के अंदर तीसरी बार बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम देने की कोशिश की। हालांकि इस बार बदमाश वैक्सीनेशन सेंटर को बैंक सेवा केंद्र समझ लूटने घुस गए। लेकिन अंदर का माजरा देख बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जिससे टिका लगाने आये एक युवक को गोली लग गयी। घटना चितरा थाना क्षेत्र के कुकराहा पंचायत भवन में बुधवार की है।
यहां वैक्सीनेशन सेंटर को बैंक सेवा केंद्र समझ लूटने गए बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान टीका लेने आए विमल सिंह काे गाेली लग गई। गंभीर हालत में उन्हें देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विमल कुकराहा गांव के रहने वाले हैं।
कुकराहा पंचायत भवन में काेराेना का टीका लगाया जा रहा था। कई लाेग वैक्सीन लेने आए थे। पंचायत भवन के ठीक बगल में एसबीआई का कस्टमर सर्विस प्वाइंट (ग्राहक सेवा केंद्र) है। लाेग यहां पैसों की लेनदेन करते हैं। दोपहर करीब 12 बजे दो बाइक पर पांच बदमाश आए। बैंक सेवा केंद्र के पास भीड़ देखकर बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और पंचायत भवन में घुस गए। अंदर स्वास्थ्यकर्मी टीका लगा रहे थे।
माजरा समझ में आते ही बदमाश भागने लगे। वहां से भागने के प्रयास में भीड़ पर गोली चला दी। इसमें एक गाेली विमल सिंह के कमर में लगी। इस बीच भगदड़ मच गई। मौका पाकर पांचों बदमाश बाइक से मधुपुर की ओर फरार हो गए।
विमल को जख्मी हालत में सारठ अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां से डॉक्टरों ने देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है।