रांची।

भाजपा की ओर से दुमका और बेरमो विधानसभा सीट के उम्मीदवारों की सूची रविवार को जारी कर दी गई। दुमका से लुईस मरांडी और बेरमो से योगेश्वर महतो बाटुल भाजपा के प्रत्याशी होंगे। केंद्रीय चुनाव समिति ने उम्मीदवारों की घोषणा की।

बताते चलें कि झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के त्यागपत्र के बाद खाली हुई दुमका विधानसभा सीट और कांग्रेस विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह के निधन से रिक्त हुई बेरमो विधानसभा सीट पर तीन नवंबर को उपचुनाव होगा। मतगणना 10 नवंबर को होगी।

दुमका में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने शिबू सोरेन के पुत्र और प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, बेरमो में कांग्रेस पार्टी ने अपने दिवंगत नेता राजेंद्र सिंह के बेटे जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह को टिकट देकर उपचुनाव के मैदान में उतारा है। हाल के वर्षों में यह पहला मौका है, जब सत्ताधारी और विरोधी दोनों गठबंधन अपनी-अपनी जगह एकजुट होकर लड़ रहे हैं।
दुमका में वर्ष 2019 में संपन्न हुए झारखंड विधानसभा के चुनावों में तत्कालीन मंत्री डॉ लुईस मरांडी को झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने पराजित कर दिया था। कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ मिलकर झामुमो ने विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया था। इसके बाद उन्होंने दुमका विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था। हेमंत सोरेन ने बरहेट से भी चुनाव लड़ा था और जीता था।
उम्मीदवारों की घोषणा से पहले ही सत्ताधारी और विपक्षी दोनों गठबंधन के नेता उपचुनाव में दोनों सीटों पर प्रचंड जीत के दावे कर रहे हैं। दुमका में झामुमो और बेरमो में कांग्रेस के उम्मीदवारों को झामुमो, कांग्रेस एवं राजद का समर्थन प्राप्त है, तो दोनों ही सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों को सुदेश महतो की पार्टी ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) का समर्थन हासिल है।



