Deoghar Baba Mandir : बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे श्रद्धालुओं के सामान की चोरी का मामला सामने आया है। मंदिर प्रांगण स्थित प्रशासनिक भवन से अज्ञात चोरों ने श्रद्धालुओं के चार बैग और तीन कीमती मोबाइल फोन चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद श्रद्धालुओं के बीच अफरातफरी मच गई।

पीड़ित श्रद्धालुओं ने मामले की शिकायत मंदिर प्रशासन से की है। जानकारी के अनुसार, बिहार के खजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत हरसवारा गांव से करीब 150 श्रद्धालुओं का जत्था लगभग 105 किलोमीटर की लंबी यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचा था।

सभी श्रद्धालुओं ने बाबा मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद श्रद्धालु मंदिर परिसर स्थित प्रशासनिक भवन में अपना सामान रखकर बैठे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौका पाकर श्रद्धालुओं के चार बैग और तीन कीमती मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया।
हर साल बाबा धाम पहुंचता है श्रद्धालुओं का जत्था
घटना की जानकारी मिलने पर श्रद्धालुओं ने प्रशासनिक भवन में इसकी शिकायत दर्ज कराई। श्रद्धालु मुकेश यादव ने बताया कि उनके गांव से हर साल करीब 150 लोगों का जत्था बाबा धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना करता है। इस बार भी सभी श्रद्धालु बाबा का दर्शन करने आए थे, लेकिन प्रशासनिक भवन में रखे सामान की चोरी होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
कंट्रोल रूम में दी गई घटना की जानकारी
मामले की जानकारी प्रशासनिक भवन स्थित कंट्रोल रूम में तैनात मजिस्ट्रेट कमलेश कुमार को दी गई। इसके बाद घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई। श्रद्धालुओं ने चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।



