Deoghar Baba Mandir : बाबा मंदिर के गर्भगृह में पूजा करने के दौरान भीड़ में धक्का लगने से एक श्रद्धालु गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल श्रद्धालु की पहचान 60 वर्षीय कृष्णकांत झा के रूप में हुई है। वे बिहार के दरभंगा जिले के बेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोतीपुर गांव के रहने वाले हैं।

घटना के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए बाबा मंदिर स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया।

घायल के साथ आए अन्य श्रद्धालुओं ने बताया कि सभी लोग बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए गर्भगृह में प्रवेश कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ में धक्का लगने के कारण कृष्णकांत झा गिर पड़े।
गिरने के दौरान भीड़ में उनका एक पैर कुचल गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी। इसके बाद उन्हें तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।



