Deoghar Crime News : गोली मारकर जख्मी करने की घटना को लेकर नगर थाना में नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। मामला खोरादाह मोहल्ला निवासी चंदन कुमार के बयान पर दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में बाबा परिहस्त गिरोह के सदस्य उज्ज्वल झा, गोबिंद यादव, राजेश चौधरी, अंकित झा, सौरभ सिंह राजपूत, अभय गिरी सहित अन्य को आरोपित बनाया गया है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 14 सितंबर को चंदन कुमार अपने मित्र पिंटु यादव के साथ गणेश पूजा घूमने गया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात गोबिंद यादव से हुई। पूजा घूमने के बाद वह राम प्रसाद यादव के घर के पास लगी कुर्सी पर बैठ गया। वहां पहले से उज्ज्वल झा, गोबिंद यादव, राजेश चौधरी, अंकित झा, सौरभ सिंह राजपूत, अभय गिरी सहित तीन-चार अन्य युवक बैठे हुए थे।

चंदन कुमार के अनुसार, इसी दौरान उसने अंकित झा के कंधे पर हाथ रख दिया। इस बात से उज्ज्वल झा नाराज हो गया। इसके बाद सभी आरोपितों ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान उज्ज्वल झा ने कमर से हथियार निकालकर जान मारने की नीयत से उस पर फायर कर दिया।
गोली उसकी जांघ में लगी। प्राथमिकी में चंदन ने आरोप लगाया है कि घटना की जानकारी किसी को देने पर आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी। हो-हल्ला होने पर आसपास के लोग वहां जुटने लगे, जिसे देखकर सभी आरोपित मौके से फरार हो गये।
जख्मी चंदन को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। हालांकि गोली अभी भी उसकी जांघ में फंसी हुई है। पीड़ित के अनुसार, इलाज कराने में व्यस्त रहने के कारण घटना की प्राथमिकी दर्ज कराने में देरी हुई। नगर थाना की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



