Deoghar Cyber Crime : साइबर अपराधियों के खिलाफ देवघर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में पुलिस ने 02 अक्टूबर 2026 को खागा थाना व करौं थाना क्षेत्र में छापेमारी कर साइबर अपराध करने के आरोप में पांच संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, ये लोग फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट/अमेजन पे के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी तथा गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम-पते :

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में रविन्द्र नाथ घोसाल, ग्राम रघुनाथपुर, थाना रानीश्वर, जिला दुमका; अजय कुमार मंडल, साकिन बिराजपुर, थाना खागा, जिला देवघर; पिन्टु कुमार, साकिन कड़बिदा, थाना रामगढ़, जिला दुमका; श्रीकांत महरा, ग्राम तंगीडीह, थाना पथरड्डा ओपी, जिला देवघर तथा विकाश कुमार रवानी, ग्राम प्रतापपुर, थाना करौं, जिला देवघर शामिल हैं।
इस तरह देते थे ठगी को अंजाम
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित फर्जी गूगल पे, फोनपे व पेटीएम कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल, आरटीओ चालान व आधार अपडेट के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करने के बाद ठगी करने की बात सामने आई है।
पांच मोबाइल और आठ सिम बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से पांच मोबाइल फोन एवं आठ सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार तकनीकी जांच के बाद पकड़े गए आरोपितों के पास से जब्त मोबाइल नंबर व आईएमईआई नंबर के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पायी गयी हैं।
अजय मंडल का पूर्व से आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार अजय कुमार मंडल पूर्व में देवघर साइबर थाना कांड संख्या 27/24 में भी आरोपित रहा है।
यह रही छापेमारी टीम
छापेमारी में पुनि सह थाना प्रभारी देवेश कुमार भगत, साइबर थाना देवघर, पुअनि राजेश यादव, थाना प्रभारी खागा थाना एवं खागा थाना की टीम, तथा पुअनि दीपक भारती, थाना प्रभारी करौं एवं करौं थाना की टीम शामिल थी।



