Deoghar Crime News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के कास्टर टाउन रेड रोज के समीप बावनबीघा निवासी 76 वर्षीय अंजेला सिंह से दो बाइक सवार चार युवकों द्वारा करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के जेवर धोखे से ले भागने का मामला सामने आया है।

घटना के संबंध में पीड़िता ने नगर थाना में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत देने के लिए वह अपने दामाद व परिजनों के साथ नगर थाना पहुंची। पीड़िता के अनुसार, वह करीब 2:15 बजे होमियोपैथ डॉक्टर के यहां से टोटो से अपने घर लौट रही थी।

इसी दौरान संताल पहाड़िया सेवामंडल के समीप दो बाइक पर सवार चार युवकों ने टोटो को रोक लिया। एक बाइक पर सवार दो युवक टोटो चालक के पास रुके, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों ने महिला को हाथ पकड़कर टोटो से नीचे उतार दिया। आरोप है कि बाइक सवारों ने खुद को विजिलेंस ऑफिसर बताया और महिला से कहा कि वे इतना जेवर पहनकर जा रही हैं, क्या उन्हें अखबार नहीं पढ़ना चाहिए।
इसके बाद महिला के हाथ से एक जोड़ा सोने का कंगन और एक अंगूठी खुलवा ली। दोनों जेवर को कागज में लपेटने की बात कहकर झांसा दिया और जेवर लेकर बाइक से फरार हो गये। पीड़िता ने बताया कि बाइक सवारों ने टोटो चालक को भी दो बार बाजला चौक पर रोकने के लिए आवाज दी थी।
घटना में धोखे से ले जाये गये दोनों सोने के कंगन और अंगूठी की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बतायी गई है। पीड़िता के अनुसार, दोनों कंगन हाल ही में खरीदे गये थे। नगर थाना पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।



