Deoghar News : देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के तपोवन जमुआ निवासी 18 वर्षीय उमेश कुमार यादव को पैसे मांगने के विवाद में गोली मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। गोली उसके दाहिने जांघ में लगी और जांघ की तरफ से निकल गई। घायल उमेश का इलाज सदर अस्पताल देवघर में चल रहा है।

घटना को लेकर कुंडा थाना के एसआइ प्रशांत कुमार ने 26 सितंबर 2026 को सदर अस्पताल के वार्ड संख्या 54 के बेड संख्या 13 पर उमेश का फर्दबयान दर्ज किया। फर्दबयान में उमेश ने बताया कि 25 सितंबर को वह जमुआ स्थित अपने घर में था। सुबह करीब आठ बजे सुधांशु कुमार उम्र 18 वर्ष, पिता उमेश कुमार यादव, काले रंग की मोटरसाइकिल से उसके पास आया और तपोवन की ओर चलने को कहा।

इसके बाद वह सुधांशु की मोटरसाइकिल पर बैठ गया। करीब एक किलोमीटर आगे किशनीडीह मोड़ के पास सुभाष कुमार मंडल मिला, जिसे भी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया गया।
उमेश के अनुसार, तीनों तपोवन पहाड़ी स्थित मधवा अड्डा तालाब के किनारे एक झोपड़ी के पास पहुंचे। वहां करीब दो घंटे तक बैठने के दौरान तीनों ने ठंडा पीया और पकौड़ी खाई। इसी बीच सुभाष कुमार मंडल और सुधांशु कुमार ने उमेश से पैसे मांगे। उमेश ने बताया कि उसके पास पैसे नहीं हैं।
फर्दबयान के अनुसार, इसी दौरान सुभाष कुमार मंडल ने अपने पास से पिस्टल निकाली और फायर कर दिया। गोली उमेश की दाहिनी जांघ में लगी और चूतड़ की तरफ से निकल गई। गोली लगने के बाद दोनों उसे घायल अवस्था में छोड़कर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
उमेश ने बताया कि डर के कारण वह झोपड़ी में जाकर बैठ गया। कुछ देर बाद खून रुकने पर वहीं सो गया। इसके बाद किसी तरह शाम करीब छह बजे घर पहुंचा और घटना की जानकारी अपने माता-पिता को दी।
इसके बाद माता-पिता और आसपास के लोग उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल देवघर लेकर पहुंचे। उमेश ने फर्दबयान में बताया कि गोली चलने की घटना दोपहर करीब 12 बजे के आसपास हुई थी।
उसने सुभाष कुमार मंडल की उम्र करीब 20 वर्ष बताते हुए उसके पिता का नाम चड़कु मंडल तथा पता किशनीडीह बताया है। मामले में पुलिस ने घायल युवक का फर्दबयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



