
Deoghar: अब बिजली उपभोक्ताओं को अपने बिल की समस्या के निष्पादन के लिए बिजली कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विभाग की ओर से कंज्यूमर केयर सर्विस नाम से एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर कोई भी उपभोक्ता अपने बिल संबंधी समस्या की संक्षिप्त जानकारी के साथ-साथ बिल की फोटो कॉपी, मीटर का फोटो और अपना व्हाट्सएप नंबर तथा संपर्क नंबर भेज सकते हैं, समस्या के निदान के पश्चात उन्हें व्हाट्सएप पर या फोन कर जानकारी दी जायेगी। यह जानकारी विद्युत अधीक्षण अभियंता कृष्ण कुमार सिंह ने दी है।

उन्होंने बताया कि विद्युत अवर प्रमंडल व विद्युत प्रमंडल कार्यालय में रोजाना सुबह से लेकर शाम तक काफी संख्या में उपभोक्ता अपनी समस्याओं लेकर आते हैं व त्वरित निष्पादन की मांग करते हैं। निष्पादन की आस में वे हर दूसरे दिन कार्यालय पहुंच कर अपना समय जाया करते हैं, साथ ही संबंधित पदाधिकारी पर भी भार बढ़ाते हैं। इसके लिए विभाग ने जहां एक व्हाटसअप नंबर 9060061825 जारी किया है, वहीं सहायक अभियंता व कार्यपालक अभियंता के कार्यालय के बाहर एक-एक ड्रॉप बाक्स भी लगाया जायेगा। जो लोग व्हाट्सएप नंबर पर अपनी शिकायत नहीं दे पाते हैं, वे ड्रॉप बाक्स में अपनी समस्या से संबंधित दस्तावेज डालेंगे, उसे विभागीय पदाधिकारी व कर्मचारी समय-समय पर निकाल कर उसके निष्पादन का काम करेंगे।

इसके लिए विभाग को एक सप्ताह से 15 दिनों का समय देना होगा। इस बीच समस्या के निष्पादन हो जाने पर उपभोक्ता को व्हाट्सअप व संपर्क नंबर पर अपडेट कर दिया जायेगा।


