Deoghar News : पुलिस की गतिविधियों नजर आती रहे। इसके लिए ना केवल थाना की गश्ती दल बल्कि बाइक पेट्रोलिंग टीम (Rowdy Patrolling) पूरी मुस्तैदी से तमाम क्षेत्रों में भ्रमण करती रहेगी। खासकर दुर्गापूजा को देखते हुए बैंक,ज्वेलरी शाप , पेट्रोल पंप आदि इलाके में पुलिस की विशेष नजर रहेगी।

एसपी प्रवीण पुष्कर ने एसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक के दौरान यह बातें कहीं। समीक्षा बैठक के दौरान कई विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिया। बैठक में जिले में दर्ज कांडों, अपराध की स्थिति और पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गयी।

इस दौरान एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने थाना स्तर पर मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा कि जिले में अपराध पर नियंत्रण रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में अपराध की घटनाओं पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए मामलों के निष्पादन में तेजी लाने तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही साइबर अपराध सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा। कहा कि लंबित मामलों का निष्पादन प्राथमिकता रहेगी।
ख़ासकर तीन साल पुराने मामले को अगले चार दिनों में 50 प्रतिशत तक पूरा करने को लेकर निर्देश दिया। इसके अलावा थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बनाए रखने तथा आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए थाना स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ काम करने की आवश्यकता है।
पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से करें, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
मौके पर मुख्यालय डीएसपी चंद्रशेखर, सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार, मधुपुर एसडीपीओ सतेंद्र प्रसाद, साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो, नगर थाना प्रभारी पुनि रवि कुमार ठाकुर, जसीडीह थाना प्रभारी पुनि दीपक कुमार, साइबर थाना प्रभारी पुनि देवेश भगत, सर्किल इंस्पेक्टर केएन सिंह, कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार, देवीपुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह, चितरा थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।



