
Ranchi: झारखंड में युवा आयोग और महिला आयोग के नामों की घोषणा जल्द हो जाएगी। समन्वय समिति के सदस्यों ने युवा और महिला आयोग गठन का फैसला कर लिया है। दोनों आयोग में एक कांग्रेस और एक झामुमो के पाले में जाना तय है। हालांकि, किस पार्टी को कौन सा आयोग मिलेगा, इसे लेकर अभी बातचीत चल रही है। दोनों आयोग के गठन को लेकर हाल ही में कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत की थी।

उल्लेखनीय है कि युवाओं की समस्याओं को चिन्हित कर उसके समाधान के लिए सरकार को अनुशंसा करने और युवाओं में नेतृत्व में गुण विकसित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित करने सहित अन्य कामों के लिए युवा आयोग का गठन किया जाता है। प्रदेश में अंतिम बार अर्जुन मुंडा सरकार में युवा आयोग का गठन हुआ। कला, संस्कृति, खेलकूद व युवा कार्य विभाग ने नवंबर, 2012 में झारखंड राज्य युवा आयोग नियमावली की अधिसूचना जारी की थी। फिर 12 जनवरी, 2018 को तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 15 सदस्यीय युवा आयोग गठन करने की बात की थी लेकिन अपने कार्यकाल में भी वे भी आयोग का गठन नहीं कर पाएं।

प्रदेश में महिला आयोग का गठन पिछले 27 माह से नहीं हो पाया है। अध्यक्ष और सदस्यों के नहीं रहने से कामकाज तो प्रभावित हो ही रहा है। साथ ही प्रदेश की बेबस, मजबूर और असहाय महिलाओं को मदद भी नहीं मिल पा रही है। आज आयोग का हाल ऐसा है कि केवल यहां केस रजिस्टर्ड हो रहे हैं, केस की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। महिला आयोग की अंतिम बार अध्यक्ष कल्याणी शरण बनी थी। जून 2017 को कल्याणी शरण ने पदभार ग्रहण किया था।


