
Deoghar News : झारखण्ड पुलिस एसोसिएशन, देवघर शाखा ने डुमरी विधानसभा के विधायक जयराम कुमार महतो पर बरवड्डा थाना धनबाद के थाना प्रभारी पुअनि रवि कुमार के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने, धमकी देने तथा थाना पहुंचकर सरकारी दस्तावेजों को तितर-बितर करने और नाम पट्टिका तोड़ने के आरोप को लेकर कड़ा विरोध जताया है।

इस संबंध में एसोसिएशन की ओर से 31 अगस्त 2026 को प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। एसोसिएशन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 21 अगस्त की रात विधायक जयराम कुमार महतो ने मोबाइल नंबर 9523610991 से बरवड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को वाट्सएप कॉल किया।

आरोप है कि कॉल के दौरान उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी गई कि सरकार बदलने के बाद झारखंड के जिस थाने में थाना प्रभारी रहेंगे, उन्हें खोजकर उनकी नौकरी बर्बाद कर दी जाएगी तथा ड्यूटी पर रहने के दौरान उन्हें सबक सिखाया जाएगा।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इसके बाद देर रात डुमरी विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवड्डा थाना पहुंचे। एसोसिएशन का आरोप है कि थाना प्रभारी के कार्यालय में उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया तथा उनके और उनके समर्थकों द्वारा थाना प्रभारी की टेबल पर रखे सरकारी दस्तावेजों को तितर-बितर कर दिया गया।
साथ ही नाम पट्टिका तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है। इस मामले में बरवड्डा थाना में कांड संख्या 146/26, दिनांक 22 अगस्त 2026 को धारा 221/224/132/351(2)/352/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किए जाने की बात प्रेस विज्ञप्ति में कही गई है।
सोशल मीडिया के जरिए पुलिस कर्मियों के प्रति अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का आरोप
झारखण्ड पुलिस एसोसिएशन, देवघर शाखा ने विज्ञप्ति में आरोप लगाया है कि संवैधानिक पद पर बैठे विधायक जयराम महतो द्वारा सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से पुलिस कर्मियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए लगातार वीडियो जारी किए जा रहे हैं। एसोसिएशन का कहना है कि विधायक द्वारा तथ्य से परे बयान दिए जाने से वर्दीधारियों के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंच रही है तथा झारखंड पुलिस इससे असहज महसूस कर रही है।
एसोसिएशन ने कहा है कि थाना प्रभारी को टारगेट कर धमकी देना तथा पुलिस कर्मियों को चोर कहकर संबोधित करना अशोभनीय आचरण को दर्शाता है। एसोसिएशन ने कहा कि इस प्रकार की धमकी के बाद यदि भविष्य में थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए विधायक जयराम महतो को जिम्मेदार माना जाएगा।
केंद्रीय एसोसिएशन के निर्णय को समर्थन का ऐलान
झारखण्ड पुलिस एसोसिएशन, देवघर शाखा ने कहा है कि केंद्रीय एसोसिएशन/महासंघ की ओर से न्याय एवं सकारात्मक पहल के तहत जो भी निर्णय लिया जाएगा, देवघर शाखा उसका पूर्ण समर्थन करेगी। प्रेस विज्ञप्ति की प्रतिलिपि केंद्रीय कार्यालय, झारखंड, रांची को भी सूचनार्थ भेजे जाने की बात कही गई है।
मौके पर पुलिस एसोसिएशन देवघर शाखा के अध्यक्ष श्याम कुमार (छोटू) और सचिव (मंत्री) रुपेश कुमार महतो, अभय कुमार, चुनु प्रसाद मंडल, दुर्गा प्रसाद राय उपस्थित थे।



