
Deoghar: कल एक बार फिर से एक साल के अंदर चौथी बार कनिष्क इंटरप्राइजेज, कोर्ट रोड जो नगर थाने से मात्र 200-300 मीटर की दूरी पर है, में चोरी की घटना से चेंबर और व्यापारी सक्ते में है।

जानकारी हो कि इस घटना के ठीक 2 दिन पहले भी कन्या पाठशाला और लक्ष्मी बाजार के पास प्रकाश इलेक्ट्रिकल्स सहित एक साथ 3-4 दुकानों में चोरी की घटना हुई। इससे कुछ दिन पहले स्टेशन रोड में फर्स्ट क्राय सहित एक साथ तीन दुकानों में चोरी हुई। पिछले दो-तीन महीने से देवघर में चोरी और छिनतई की घटनाएं लगातार बढ़ रही है और बेलगाम होती जा रही है। यह देवघर के व्यापारियों को सुरक्षा की दृष्टिकोण से लगातार चिंतित कर रही है।

संताल परगना चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, देवघर लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से काफी चिंतित है और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी, छिनतई सहित आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए बेहतर और परिणामजनक कारवाई सुनिश्चित करने की कोशिश की जाय।
चैंबर ने इस आशय का पत्र एसपी देवघर को लिखते हुए चिंता जताई है कि आखिर कब देवघर के व्यापारी सुरक्षित माहौल में बिना भय के व्यापार कर पाएंगे। आखिर कब यहां की पुलिस प्रशासन ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कारगर कदम उठाएगी।
चैम्बर अध्यक्ष आलोक मल्लिक ने मांग की है कि प्रत्येक दो माह में कम से कम एक बार पुलिस अधीक्षक अपनी अध्यक्षता में चैम्बर प्रतिनिधियों के साथ समीक्षात्मक बैठक करें ताकि पुलिस और व्यापारी के बीच बेहतर समन्वय बने और परस्पर सहयोग की भावना से देवघर की आपराधिक घटनाओं को लगाम लगाने में कारगर और निर्णायक पहल शुरू हो, अपराधियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित हो।


