
Deoghar News : देवघर जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र के जरगड़ी गांव निवासी 30 वर्षीय युवक महबूब अंसारी द्वारा विषैला पदार्थ खाकर जान देने का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, महबूब ने किसी परिचित से कुछ पैसे कर्ज लिये थे। कर्ज का बकाया पैसा मांगे जाने के बाद सोमवार रात उसने विषैला पदार्थ खा लिया।

हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना बैद्यनाथधाम ओपी को दी गयी।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन मृतक का शव लेकर घर निकल चुके थे। इसके बाद बैद्यनाथधाम ओपी की पुलिस ने पालोजोरी थाना को घटना की सूचना दी।
पालोजोरी थाने की पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क किया और मंगलवार सुबह शव को मंगवाकर सदर अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।
पालोजोरी थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पूछताछ में परिजनों से पता चला है कि कर्ज का बकाया पैसा मांगे जाने पर युवक ने यह कदम उठाया।



