
Biharsharif: जिले के सारे थाना क्षेत्र के बकाचक गांव में रविवार को शराब ढूंढ़ने गयी पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला (Attack on Police Team) कर दिया। जमकर ईंट-पत्थर बरसाये। हमले में चार पुलिसकर्मी जख्मी (four policemen injured) हो गये हैं। एक एएसआई, दो होमगार्ड जवान व एक चौकीदार को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से दो को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।

पुलिस ने इस मामले में 16 नामजद और 10 अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर (FIR) की है। चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। छापेमारी के दौरान काफी मात्रा में अर्द्धनिर्मित शराब (semi-finished wine) बहा दी गयी। पुलिस अन्य बदमाशों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी कर रही है। आरोपी घर छोड़कर फरार हो गये। शराब का निर्माण व बिक्री होने की सूचना पर पुलिस टीम गांव में छापेमारी करने गयी थी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने धंधेबाजों के ठिकानों से तसला और बाल्टी में रखे 400 लीटर छोवा का घोल बरामद किया। इसे नष्ट कर पुलिस अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ रही थी। तभी दो दर्जन से अधिक बदमाशों ने अचानक धावा बोल दिया। ईंट-पत्थर चलाने लगे। पुलिसकर्मी बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हमला की सूचना पाकर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंचा और बदमाशों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी करने लगी।
घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। पुलिस ने बकाचक निवासी सतीश मांझी, लक्ष्मण मांझी, बुधन मांझी और नवादा जिला के काशीचक निवासी सूरज मांझी को गिरफ्तार कर लिया।
घायल पुलिसकर्मियों में एएसआई कंचन कुमार सिंह, होमगार्ड जवान पिनु प्रसाद, नागमणि पांडेय और चौकीदार मुन्ना कुमार शामिल हैं। इनका इलाज रेफरल अस्पताल में कराया गया। पिनु व नागमणि को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि 16 नामजद व 10 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी की गयी है। 4 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है।


