
Deoghar : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के दौरान मंगलवार शाम बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा के लिए पहुंचे बिहार के समस्तीपुर जिले के कर्पूरीगंज गांव निवासी 35 वर्षीय कांवरिया नरेश साह (पिता–रघुनाथ साह) की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब छह बजे गंभीर अवस्था में नरेश साह को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। उनके साथ मौजूद कांवरियों ने बताया कि बाबा मंदिर में पूजा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

सदर अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उनका इलाज शुरू किया गया, लेकिन कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद उनके साथ मौजूद कांवरियों और परिजनों में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
बताया गया कि मौत के बाद परिजनों एवं साथियों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया और शव को अपने साथ घर लेकर रवाना हो गए। घटना के बाद श्रावणी मेला में पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच भी इस घटना की चर्चा होती रही।



