Kolkata: महानगर कोलकाता के नेताजी इनडोर स्टेडियम में आम महोत्सव (Mango Festival) की शुरुआत होने जा रही है। गुरुवार से शुरू होने वाला यह उत्सव तीन दिनों तक चलेगा। इसमें पश्चिम बंगाल में उन्नत किस्मों की आम को शामिल किया जाएगा।
40 किस्मों के आमों का मेला
करीब 40 किस्मों के आमों का मेला लगेगा। बंगाल के आठ जिलों से विभिन्न स्वादों के आम आ रहे हैं। आम लोग भी वहां से खरीदारी कर सकते हैं। आम के पौधे भी उपलब्ध होंगे। हिमसागर, लंगड़ा, फाजली, गोलपाखा, प्याराफुली, आम्रपाली जैसे कम से कम एक दर्जन आमों के नाम और स्वाद बंगाल के लोगों के लिए आम बात है। रानीपसंद, बेगमपसंद, रगनी, अनानास आम, चंपा, बीरा ऐसी किस्में हैं जिनके बारे में लोग कम जानते हैं और इनका स्वाद भी बहुत कम लोगों ने देखा है। यह तमाम आम महोत्सव में उपलब्ध हो रहे हैं।
दो साल से बंद था आम उत्सव
आम उत्सव कोरोना के कारण दो साल से बंद था। इस साल मालदा, मुर्शिदाबाद, नदिया, हुगली, बर्दवान, हावड़ा, उत्तर व दक्षिण 24 परगना से अलग-अलग स्वाद के आम आ रहे हैं। प्रत्येक स्टॉल पर स्थानीय पंचायत के सदस्य होंगे। वे स्थानीय आम बेचेंगे। स्टाल के आगे आम का नाम लिखा होगा। आम की किस्मों के मुताबिक उनकी कीमत भी होगी।
राज्य सरकार के कृषि कार्य बल के सदस्य कमल डे ने कहा कि इस बार आम के त्योहार में आम लोग खरीदारी कर सकेंगे। महोत्सव की शुरुआत राज्य के विभिन्न हिस्सों से लाए गए आमों के साथ होगी।