
Deoghar News : श्रावणी मेला के दौरान मंगलवार देर शाम बेलाबागान स्थित फॉरेस्ट ऑफिस के समीप एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन की टक्कर से ऑटो सवार दो कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के मझार गांव निवासी राम बाबू भगत और राजन कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों कांवरिया अपने अन्य साथियों के साथ बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद ऑटो से जसीडीह रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। इसी दौरान जसीडीह की ओर से देवघर आ रही चारपहिया वाहन संख्या जेएच-15 एएम-6017 ने बेलाबागान फॉरेस्ट ऑफिस के पास ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा देर शाम करीब आठ बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर नगर थाना ले आई। हादसे में घायल दोनों कांवरियों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस जांच के दौरान टक्कर मारने वाली कार से दो कार्टन अंग्रेजी शराब तथा बीयर के कार्टन भी बरामद किए गए। हालांकि, दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
नगर थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।



