
Deoghar: इंडिगो ने आज, 4 अगस्त 2026 को गुवाहाटी से देवघर और देवघर से गुवाहाटी के लिए अपनी सीधी उड़ान सेवा शुरू कर दी है।

मंगलवार को गुवाहाटी से देवघर एयरपोर्ट पर पहुंची पहली उड़ान का वाटर सैल्यूट के साथ स्वागत किया गया। एयरपोर्ट परिसर में इस अवसर पर उत्साह का माहौल देखा गया।

गुवाहाटी से देवघर पहुंचे यात्रियों का स्वागत एयरपोर्ट पर गुलाब के फूल और बिकानेर रेस्टोरेंट के स्नैक्स देकर किया गया।
इस अवसर पर एयरपोर्ट डायरेक्टर जौय बनर्जी ने कहा कि यह सेवा देवघर आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और बाबा नगरी से जुड़ने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा है। उन्होंने बताया कि पहले दिन गुवाहाटी से देवघर 48 यात्री आए, जबकि देवघर से गुवाहाटी के लिए 40 यात्रियों ने उड़ान भरी।
बता दें कि सावन के पवित्र महीने में यह सेवा श्रद्धालुओं के लिए राहत भरा है। इस सेवा के शुरु होने से यात्रा के समय में भारी कटौती होगी। एयरलाइन यह सर्विस हफ्ते में दो दिन, मंगलवार और शुक्रवार को ऑपरेट करेगी।
उड़ान कार्यक्रम के अनुसार, गुवाहाटी से विमान सुबह 9:25 बजे प्रस्थान कर 11:20 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेगा। वापसी में, यह देवघर से 11:50 बजे उड़ान भरेगा और दोपहर 1:35 बजे गुवाहाटी पहुंचेगा। लगभग एक हजार किलोमीटर की यह दूरी अब महज दो घंटे में तय की जा सकेगी।
यात्री अभी इंडिगो के मोबाइल ऐप के जरिए अपनी सीटें बुक कर सकते हैं। सीटों की उपलब्धता और किराए की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट भी चेक की जा सकती है।
यह सेवा झारखंड और पूर्वोत्तर भारत के बीच हवाई संपर्क को मजबूत करेगी।











