
Ranchi: पुलिस ने रविवार को 11 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी की चार स्कूटी और दो बाइक भी बरामद किया है। इसके अलावा पुलिस ने दो धारदार हथियार और भारी मात्रा में जेवर बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपितों में मनोज यादव, रेंचो पासवान, सुमित, संदीप मुंडा, शुभम, विक्रम, सन्नी पासवान, सन्नी केरकेटा, दिलीप सोनी, अभिषेक और चिंटू मुंडा हैं। सभी रांची जिले के रहने वाले हैं। रांची पुलिस को सूचना मिली थी कि सदर थाने इलाके के एक पार्क में कुछ लोग बैठे हैं और चोरी की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर पार्क से पांच लोगों को गिरफ्तार किया। इनकी निशानदेही पर अन्य छह बदमाशों को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मनोज यादव एवं उसके साथी शहरी इलाके से बाइक चोरी कर ग्रामीण इलाकों में उसे बेहद कम कीमत पर बेच देते थे। आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गिरोह के लोगों को स्पष्ट निर्देश दे रखा था कि बाइक शहर में नहीं बेचनी है, नहीं तो पकड़े जायेंगे।


