
Deoghar: देवघर जिले के रिखिया थाना इलाके के लकड़ीगंज में जमीन बेचने के एवज में रंगदारी की मांग को लेकर हवाई फायरिंग किये जाने का मामला सामने आया है। हालांकि इस मामले में पुलिस कुछ भी बताने से इंकार कर रही है।

सूत्रों ने बताया कि लकड़ीगंज के एक व्यक्ति से शहर के एक संगठित गिरोह द्वारा जमीन बेचने के एवज में रंगदारी की मांग की गयी थी। लेकिन इसी बीच उक्त गिरोह के सदस्यों को अन्य अपराधिक मामले में गिरफ्तार पुलिस ने जेल भेज दिया था। सूत्रों की माने तो जेल से छूटने के बाद उक्त गिरोह के 30-35 सदस्य बाइक से सोमवार को रंगदारी की मांग करने पहुंचे थे।

बताया जाता है कि लकड़ीगंज के ग्रामीण गोलबंद हो गये और उक्त गिरोह के सदस्य को खदेड़ना शुरू कर दिया। बताया जाता है दहशत पैदा करने के लिये गिरोह के सदस्यों द्वारा फायरिंग किये जाने की बात सामने आयी है।
सूत्रों की माने तो गिराहे के सदस्य ग्रामिणों को गोलबंद होता देख फायरिंग कर फरार हो गये। सूत्रों ने बताया कि जानकारी मिलते ही रिखिया पुलिस घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच में जुट गयी है।


