
Deoghar News : बाबा मंदिर परिसर स्थित वाहय अर्घा के पास एक महिला श्रद्धालु के बैग से 35 हजार रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता रीता देवी, उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला अंतर्गत सलेमपुर थाना क्षेत्र के प्यासी गांव की रहने वाली हैं।

घटना के बाद भाग रहे एक संदिग्ध को अन्य काँवरिया श्रद्धालुओं की मदद से पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। हालांकि चोरी गए रुपये बरामद नहीं हो सके हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ कर रही है।

पीड़िता के साथ आए श्रद्धालुओं ने बताया कि वे सभी शनिवार रात बस से देवघर पहुंचे थे। रविवार सुबह करीब पांच बजे बाबा मंदिर में जलार्पण करने के बाद जब वे बाहर अर्घा के पास थे, तभी पुजारी के वेश में आया एक व्यक्ति रीता देवी के बैग से 35 हजार रुपये निकालकर भागने लगा।
रीता देवी ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपित ने उनके साथ मारपीट की और भागने लगा। शोर मचाने पर आसपास मौजूद अन्य बोलबम श्रद्धालुओं ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद संदिग्ध को नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
कुछ देर बाद घटना स्थल बाबा मंदिर थाना क्षेत्र में होने की बात कहते हुए नगर थाना के गश्ती दल के माध्यम से संदिग्ध और पीड़िता को शिकायत दर्ज कराने के लिए बाबा मंदिर थाना भेज दिया गया।
बताया जाता है कि हिरासत में लिया गया संदिग्ध कुंडा थाना क्षेत्र के बेलामेथी गांव का रहने वाला है। पीड़िता के साथ आए श्रद्धालुओं ने बताया कि बाबाधाम में पूजा-अर्चना के बाद उन्हें बासुकीनाथ और वहां से काशी भी जाना है।



