Deoghar : मधुपुर नगर परिषद के कर्मी मिराज रब्बानी के बैंक खाते से 98 हजार की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने देवघर साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ित मिराज रब्बानी ने बताया कि उनके बैंक खाते से अवैध निकासी कैसे हुई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि घटना से पहले उनके मोबाइल पर किसी भी अनजान नंबर से कोई कॉल नहीं आया था और न ही उन्होंने किसी के साथ बैंक संबंधी जानकारी साझा की थी।

उन्होंने बताया कि शनिवार शाम उनके मोबाइल पर बैंक का मैसेज आया, जिसमें खाते से 98 हजार निकाले जाने की सूचना दी गई। मैसेज देखते ही उनके होश उड़ गए।
इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत दर्ज कराने के लिए देवघर साइबर थाना का रुख किया। साइबर थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस बैंक खाते से हुई निकासी के संबंध में तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि अवैध निकासी करने वालों का पता लगाया जा सके।



