
Ranchi: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिये झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने 35 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ-साथ उनकी पत्नी कल्पना सोरेन का नाम भी शामिल है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की ओर से जारी उम्मीदवारों की पहली सूची के अनुसार पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एक बार फिर से बरहेट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। जबकि कल्पना सोरेन गांडेय विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगीं।

दुमका विधानसभा सीट से हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन फिर से चुनाव मैदान में होंगे।
जेएमएम की ओर से वर्ष 2019 में जीत हासिल करने वाले अधिकांश विधायकों को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने गिरिडीह से सुदिव्य कुमार सोनू, मझगांव से निरल पूर्ति, चाईबासा से दीपक बिरुआ, गुमला से भूषण तिर्की, सिसई से जिगा सुसारण होरो और मधुपुर से हफीजुल अंसारी को उम्मीदवार बनाया गया है। नाला से रबींद्रनाथ महतो, तमाड़ से विकास मुंडा, टुंडी से मथुरा महतो, गढ़वा से मिथिलेश ठाकुर और लातेहार से बैद्यनाथ राम को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है।
जेएमएम उम्मीदवारों की सूची

इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग का फॉर्मूले के तहत कांग्रेस 30 सीटों और जेएमएम 40 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसके अलावा बाकी बची हुई 11 सीटों पर RJD और लेफ्ट पार्टी चुनाव लड़ेंगी।
बता दें कि झारखंड में दो चरणों में मतदान होगा और 23 नवंबर को नतीजे आएंगे। पहले चरण में 13 नवंबर को 43 सीटों पर वोटिंग होगी और दूसरे चरण में 20 नवंबर को 38 सीटों पर मतदान होगा। इसके बाद 23 नवंबर को मतगणना होगी।



