Deoghar News : रिखिया थाना क्षेत्र के बंधा गांव निवासी मृत्युंजय कुमार सिंह ने अपने घर पर जबरन कब्जा करने, सामान बाहर फेंकने, रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रिखिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर उचित कार्रवाई की मांग की है।

मामले में कहा है कि वर्ष 2005 में उक्त जमीन उनके नाम से रजिस्ट्री हुई थी। इसके बाद उन्होंने चारदीवारी, गेट, एक एल्वेस्टर का कमरा बनाकर वहां रहना शुरू किया। परिसर में चापाकल की बोरिंग कराई तथा बिजली का कनेक्शन भी लिया। मामले में यह भी उल्लेख है कि वर्ष 2018 में उन्होंने उसी जमीन को रैयत से पुनः लिखवाया था।

जमीन मौजा बंधा, जमाबंदी संख्या-03, रकबा 2000 वर्गफीट बताई गई है। मामले के मुताबिक कुछ दिनों के लिए घर से बाहर रहने के दौरान रविन्द्र उर्फ बिनोद, मनोज राय, दो अज्ञात महिलाओं तथा चार-पांच अन्य लोगों ने कथित रूप से उनके घर पर जबरन कब्जा कर लिया।
आरोप है कि घर का सामान बाहर फेंक दिया गया और घर में रखे करीब तीन हजार रुपये भी निकाल लिए गए। मामले में कहा गया है कि 18 जुलाई की शाम करीब चार बजे जब वह घर लौटे तो रविन्द्र सिंह, मनोज राय, दो महिलाओं सहित सात-आठ लोग भाला, बरछी और लाठी-डंडे के साथ घर में मौजूद थे।
घर में प्रवेश करने का प्रयास करने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा बाहर निकाल दिया गया। कहा है कि आरोपियों ने घर में रहने के लिए 15 लाख रुपये रंगदारी की मांग की और दोबारा घर में घुसने पर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उनकी पत्नी के साथ छेड़खानी कर दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित लोग घर पर अवैध कब्जा कर नए गड्ढे खोदकर पिलर निर्माण का कार्य शुरू कर चुके हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने, निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा उन्हें उनका घर वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।



