
Deoghar: देवघर जिले के मोहनपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी के संदेह में लोहे और टीन के स्क्रैप से लदे एक ट्रक को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में मोहनपुर थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मामले के अनुसार मोहनपुर थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक सुरेश कुमार रमानी को 18 जुलाई की शाम करीब पांच बजे वरीय पदाधिकारी से सूचना मिली कि गोड्डा की ओर से चोरी का लोहा लदा एक मालवाहक वाहन देवघर की ओर आ रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने जयपुर मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया।

इसी दौरान लाल रंग का टाटा ट्रक (संख्या जेएच 01डीयू -3279) आता दिखाई दिया। पुलिस के रुकने का इशारा करने पर चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम बबलू यादव (30 वर्ष), निवासी धमौर, थाना शाहपुर, जिला आरा (बिहार) बताया। ट्रक की जांच में उसमें तिरपाल से ढका लोहे एवं टीन का स्क्रैप मिला।
चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और वाहन मालिक भी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने ट्रक व स्क्रैप जब्त कर चालक को गिरफ्तार करते हुए थाना लाकर मामला दर्ज किया। पुलिस वाहन मालिक के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई में जुटी है।


