Deoghar : पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार की जा रही कार्रवाई के तहत साइबर थाना पुलिस ने दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपाधीक्षक साइबर अपराध, देवघर कैलाश प्रसाद महतो के निर्देश पर 30 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देवघर जिले के पालाजोरी थाना क्षेत्र के तुरी पहाड़ी में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट एवं अमेजन के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी तथा गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

इसके अलावा पीएम किसान योजना एवं लोन दिलाने के नाम पर भी फर्जी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर लोगों को झांसा देकर ऑनलाइन ठगी किए जाने की सूचना थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों के पास से बरामद मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता पाई गई है।
गिरफ्तार आरोपितों में समीर अंसारी, ग्राम धावा, थाना पालाजोरी तथा नीरज कुमार दास, गोविन्दपुर, थाना पथरौल, जिला देवघर शामिल हैं।
इस तरह करते थे साइबर ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपित फर्जी गूगल पे, फोनपे, पेटीएम कस्टमर केयर एवं आईआरसीटीसी पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देते थे। इसके बाद फोनपे गिफ्ट कार्ड क्रिएट करवाकर उसे रिडीम कर ठगी करते थे।
दो मोबाइल व चार सिम बरामद
गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने दो मोबाइल फोन एवं चार सिम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल एवं सिम की प्रारंभिक जांच में साइबर अपराध में संलिप्तता सामने आई है।
छापेमारी दल में थे शामिल
छापेमारी दल में पुनि नागेन्द्र प्रसाद सिन्हा, साइबर थाना देवघर तथा पालाजोरी थाना की पुलिस टीम शामिल थी।



