
Deoghar : देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के तिलिया कनारी गांव में एक विवाहिता को ससुराल बुलाकर उसके साथ मारपीट करने तथा गहने, मोबाइल और नकदी छीन लेने का मामला सामने आया है। पीड़िता अर्चना देवी (23), पति कुंदन चौधरी, वर्तमान निवासी करनीबाग (थाना कुंडा), ने रिखिया थाना में मामला दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है।

मामले में अर्चना देवी ने बताया कि 30 जून की शाम करीब 5:30 बजे उसके पति कुंदन चौधरी उसे यह कहकर ससुराल ले गए कि परिवार ने अब उसे स्वीकार कर लिया है और घर बुलाया है। पति की बात पर विश्वास कर वह रिखिया थाना क्षेत्र के तिलिया कनारी स्थित ससुराल पहुंची।

आरोप है कि घर के दरवाजे पर पहुंचते ही पति अंदर चला गया, जबकि बाहर आई उसकी सास सुजाता देवी और ननद गुड़िया कुमारी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसकी सास ने गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया, जबकि ननद ने बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया।
इसके बाद दोनों ने मिलकर उसके गले से सोने का मंगलसूत्र, कान के सोने के टॉप, सोने की नथ, मोबाइल फोन (वीवो वी-25) तथा पर्स में रखे लगभग 60 हजार रुपये छीन लिए। अर्चना देवी ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उसका पति पूरे घटनाक्रम के दौरान घर के अंदर रहा और बाहर निकलकर बचाने तक नहीं आया।
पीड़िता ने बताया कि उसने कुंदन चौधरी से तीन वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। मामले में रिखिया थाना पुलिस से शिकायत की गई है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


