
Deoghar : मोहनपुर थाना क्षेत्र के हिंडोला बरन के पास टोटो और साइकिल की टक्कर में एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे वार्ड में भर्ती कर लिया है।

घटना के संबंध में पथरी गांव निवासी घायल आनंद यादव की मां ने बताया कि आनंद यादव साइकिल लेकर घर से निकला था। इसी दौरान हिंडोला बरन के पास उसकी साइकिल की टक्कर एक टोटो से हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि साइकिल सवार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोटो चालक ने मानवता का परिचय देते हुए वाहन में सवार यात्रियों को उतार दिया और घायल किशोर को उसी टोटो से इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया।
सदर अस्पताल में घायल आनंद यादव का इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।


