
Deoghar: गुरुवार को हुए सड़क हादसे में साढ़े तीन वर्षीय आदिल अंसारी की मौत के बाद उसके शव को कब्जा में लेने को लेकर दोनों परिवारों के बीच जमकर विवाद हुआ। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम के बाद कब्जे में लेने को विवाद इतना बढ़ गया कि बड़ी संख्या में पुलिस बलों को तैनात करना पड़ा।

काफी देर तक शव को साथ ले जाने की बात पर बच्चे के दोनों परिवार के सदस्य आपस में भिड़ते रहे। पुलिस पदाधिकारी लोगों को काफी समझाने-बुझाने का प्रयास करते रहे लेकिन दोनों पक्ष अपनी बातों पर अड़े रहे। बाद में स्थानीय विधायक सुरेश पासवान सहित अन्य नेतागण पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। दोनों पक्षों को समझाया-बुझाया। इसके बाद बच्चे के शव को उसकी मां और उसके मायके वाले साथ ले गए।

वहीं बच्चे के पिता कुंडा थाना क्षेत्र के दुर्गापुर निवासी जिबराइल अंसारी ने कहा कि बच्चे के साथ अनहोनी की आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि वह रायपुर में रहकर काम करता है। बच्चा अपनी मां के साथ दुमका जिला के तालझारी थाना क्षेत्र स्थित सहारा स्थित अपने मामा घर में रहता था। उसका उसकी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद कोर्ट में चल रहा है। गुरुवार को आदिल अपने मामा और नाना के साथ मोटरसाइकिल से कहीं जा रहा था। उसी दौरान तालझारी के समीप हुए हादसे में उसकी मौत हो गई। जबकि घटना में आदिल के ना तो सिर पर और ना ही शरीर के किसी भाग में जख्म का निशान देखा गया। इससे साफ पता चलता है कि उसके साथ किसी साजिश के तहत अनहोनी वारदात को अंजाम दिया गया होगा।


