
Deoghar: बिहार के जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत लालूडीह निवासी शिवम कुमार की मोटरसाइकिल कुंडा थाना क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस के बाहर से चोरी हो गई। इस संबंध में पीड़ित ने कुंडा थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

दिए गए आवेदन के अनुसार, शिवम कुमार वर्तमान में देवघर के बैजनाथ शंकर नेत्रालय में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे वह अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (नंबर- जेएच 15 एसी 7245) से देवघर गेस्ट हाउस, कुंडा के समीप अपने मित्र रजनीकांत से मिलने गए थे। बाइक को उन्होंने मित्र के घर के बाहर खड़ा किया और अंदर चले गए।

शिवम के अनुसार, लगभग 20 मिनट बाद जब वह बाहर निकले तो वहां खड़ी उनकी बाइक गायब थी। इसके बाद उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई पता नहीं चल सका। बाइक नहीं मिलने पर उन्होंने कुंडा थाना पहुंचकर चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर बाइक बरामद करने तथा चोरी में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।



