
Deoghar: देवघर जिले के बुढ़ई में जगदीशपुर हटिया के पास हुए सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोहे का सरिया लदा धमनी की ओर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच खड़े एक पुराने इमली के पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटनास्थल पर ही चालक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि, घटना में खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

इधर, घटना की सूचना पर बुढ़ई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। केबिन में फंसे चालक को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। मृतक चालक की पहचान बिहार के शेखपुरा निवासी श्रीकांत यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का नंबर WB 37 M 5734 है।
इधर, स्थानीय लोगों ने सड़क के बीच खड़े इस पुराने इमली का पेड़ को हटाने की मांग की है। कहा कि कई बार संबंधित विभाग से इसे हटाने या सड़क को चौड़ा कर सुरक्षित बनाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। जिस वजह से आए दिन यहां दुर्घटना होते रहती है।


