
Deoghar: देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के कोकहरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

मामले को लेकर एम्स देवघर शवगृह में पुलिस की उपस्थिति में बयान दर्ज कराया गया। कोल्हड़िया गांव निवासी भवेश मांझी (24) ने अपने बयान में कहा है कि 9 जून की सुबह करीब 9 बजे राजो सिंह ने उन्हें सूचना दी कि उनकी बहन सावित्री कुमारी को उसके ससुराल वालों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है और उसकी स्थिति नाजुक है।

सूचना मिलने के बाद परिजन उसकी खोजबीन में जुट गए। भवेश मांझी के अनुसार, उनकी बहन सावित्री कुमारी ने 14 दिसंबर 2024 को कोकहरा निवासी अजय सिंह के साथ प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग की जाती थी। मांग पूरी नहीं होने पर अजय सिंह, उसके पिता अशोक सिंह, बहन ज्योति कुमारी तथा अन्य परिजनों द्वारा सावित्री को मारपीट कर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया गया है।
फर्दबयान में भवेश मांझी ने आरोप लगाया है कि दहेज नहीं मिलने के कारण उनकी बहन के साथ मारपीट की गई तथा अजय सिंह ने नशे की हालत में उसका गला दबाकर हत्या कर दी। उन्होंने शव पर दाहिनी ओर नाक के पास चोट का निशान देखने की भी बात कही है।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। मृतका का सात माह का एक पुत्र भी है।


