
Deoghar: मुंबई से अपने घर देवघर लौट रहे 17 वर्षीय किशोर की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हो गई। मृतक मो. मकसूद अंसारी देवघर जिले के बढ़ई थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर गांव का रहने वाला था।

परिजनों ने बताया कि इबरार मुंबई में रहकर मजदूरी करता था और मुंबई मेल से घर लौट रहा था। उसे मधुपुर स्टेशन पर उतरना था। इसी दौरान झाझा के पास वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

परिजनों के अनुसार घटना वाली रात तक इबरार से मोबाइल फोन पर उनकी बातचीत हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद आने लगा था। सुबह जब परिजनों ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, तो स्थानीय लोगों के माध्यम से जानकारी मिली कि झाझा के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक घायल अवस्था में पड़ा हुआ है।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने 112 नंबर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए झाझा रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद इबरार को मृत घोषित कर दिया।
इधर , युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।


