
Deoghar: देवघर पीएनबी बैंक के गार्ड से मारपीट का मामला थम नहीं रहा है। शुक्रवार को यूनाइटेड फोरम बैंक यूनियन देवघर इकाई की बैठक संयोजक मुन्ना कुमार झा के नेतृत्व में हुई। जिसमें विभिन्न बैंकों के कर्मी शामिल हुए। इसमें पूर्व नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह के द्वारा पीएनबी के गार्ड से मारपीट करने की घटना की निंदा की गयी।

बैंक कर्मियों ने संताल परगना डीआइजी व देवघर डीसी से दोषी पुलिस पदाधिकारी रतन कुमार सिंह पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गयी। साथ ही पीएनबी के गार्ड अशोक यादव को जेल से जल्द रिहा कराने में मदद करने, उस पर पुलिस द्वारा किये गये केस को निरस्त करने और पूर्व थानेदार रतन सिंह पर केस दर्ज कर आपराधिक मुकदमा चलाने की मांग की गयी है।

संयोजक ने कहा कि रतन सिंह पर केस किया गया है या नहीं, अब तक आवेदक को जानकारी भी नहीं दी गयी है।
वहीं, बैठक में देवघर डीसी सहित संताल परगना डीआइजी को धन्यवाद ज्ञापित किया गया कि दोनों पदाधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई कराते हुए रतन कुमार सिंह को निलंबित कराया। इससे समाज सहित विभिन्न संस्थाओं में कार्यरत कर्मियों के बीच साकारात्मक संदेश गया है।
इसके अलावा झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों के यूनाइटेड फोरम बैंक यूनियन के समन्वयकों सहित उसके घटक संगठनों के साथियों, राज्य समन्वयकों, विभिन्न संगठन कर्मियों, झारखंड राज्य समेत देशभर के भूतपूर्व सैनिक संगठनों को भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया।


