Deoghar : देवीपुर थाना क्षेत्र के बिरनियां गांव में हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। घटना 16 सितंबर की देर रात की बतायी गयी है। मामले को लेकर पीड़िता नीतू देवी के बयान पर देवीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

दर्ज मामले के अनुसार, रात करीब दो बजे छह से सात की संख्या में नकाबपोश बदमाश गेट और खिड़की खोलकर घर के अंदर प्रवेश कर गये। सभी बदमाशों के हाथों में चाकू, पिस्तौल और फरसा जैसे हथियार थे। घर में घुसने के बाद बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद बदमाशों ने घर में तोड़फोड़ करते हुए लूटपाट शुरू कर दी। इस दौरान पीड़िता और उनके बच्चे के गले से जेवर छीन लिये गये। वहीं घर की आलमारी में रखे जेवरात भी बदमाशों ने निकाल लिये। बदमाश करीब 20 हजार रुपये नकद समेत कुल करीब 90 हजार रुपये कीमत के जेवरात लूटकर ले गये।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश धमकी देते हुए वहां से निकल गये। जाते समय उन्होंने घटना की शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच कर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।



