रांची
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कहा है कि भाजपा विधायक दल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी भ्रष्टाचार के दलदल में कूदे हैं। झामुमो महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अब यह भ्रष्टाचार का परत दर परत खुलेगा और उनका चेहरा चमकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार पर चुप नहीं रहेगी। समय अनुकूल और विधि सम्मत हर कार्रवाई के लिए सरकार तैयार हैं। भट्टाचार्य ने कहा कि बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को साहिबगंज के कुछ लोगों के साथ प्रेस वार्ता की है। उन्होंने कहा कि बाबूलाल के साथ उपस्थित अंकुश राजहंस पेशेवर अपराधी कर्मी का बेटा है। रघुवर शासनकाल में इन लोगों का आतंक था। उस समय एक तत्कालीन आईएस पदाधिकारी को उनके अंग रक्षकों के साथ इन लोगों ने बंधक बना लिया था।
वह अवैध खनन को रोकने गए थे। इस संबंध में 17 अक्टूबर 2018 को केस दर्ज है। उन्होंने कहा कि आखिर बाबूलाल मरांडी को छटपटाहट क्यों हैं। उन्हें छटपटाहट इसलिए है क्योंकि जितने भी मामले दर्ज हो रहे हैं वह भाजपा से जुड़े हुए लोग हैं। इन लोगों को तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और मरांडी का संरक्षण प्राप्त था। उन्होंने कहा कि कहा तो यह भी जाता है कि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार के प्रभारी तथा झारखंड में काम करने वाले नेता भूपेंद्र यादव के वह करीबी है।