
Ranchi: झारखंड में मॉनसून पहुंचने में चार दिन और लगेंगे। जिसके बाद झारखंड में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिल सकती है।मॉनसून संताल परगना के रास्ते झारखंड में प्रवेश करेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में 11 जून से ही प्री-मॉनसून की बारिश होने के आसार हैं। 11 जून को रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में आंधी, वज्रपात के साथ कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

12 जून को बोकारो, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा और दुमका में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। वहीं रांची, खूंटी, हजारीबाग, कोडरमा, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में आंधी, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 13 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। दुमका, जामताड़ा, देवघर, धनबाद, साहिबगंज, पाकुड़ और गोड्डा में कहीं-कहीं पर भारी बारिश होने की संभावना है।


