
Deoghar: विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में शनिवार को बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन और झारखंड की आईजी ए विजयालक्ष्मी पहुंचे।

मंदिर पहुंचने पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण,बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन और झारखंड आईजी ए विजयालक्ष्मी का तीर्थ पुरोहितों ने विधिवत तरीके से स्वागत किया। इसके बाद दोनों ने मंदिर के गर्भगृह में जाकर बाबा की विशेष पूजा-अर्चना की।

पूजा-अर्चना करने के बाद बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की इस पावन नगरी में आकर उन्हें अद्भुत आत्मिक शांति की अनुभूति हुई है। बाबा के दरबार में जो भी भक्त सच्चे मन से आता है, उसकी मनोकामनाएं अवश्य पूरी होती हैं। उन्होंने बिहार-झारखंड और देश कल्याण हेतु बाबा से प्रार्थना की।
वहीं, झारखंड की आईजी ए विजयालक्ष्मी ने भी बाबा बैद्यनाथ मंदिर में मत्था टेककर बाबा का आशीर्वाद लिया और देश व राज्य में सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की।
पूजा-अर्चना की पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद दोनों ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर यहां की ऐतिहासिक व आध्यात्मिक महत्ता को जाना। इस दौरान बाबा मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।


