
Deoghar: देवघर जिले के मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के सालमांद्रा गांव के पास वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी। घटना रविवार की है।

बताया गया कि जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चरकपानी गांव निवासी सहजान शेख जंगली जड़ी-बूटी की दवा बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार को वह जड़ी-बूटी बेचने के लिए अपने घर से मारगोमुंडा में लगने वाली साप्ताहिक हाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह सालमांद्रा गांव के पास एक घर की छावनी के नीचे रुक गया। इसी बीच अचानक वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में सहजान शेख आ गया।

बताया गया कि वज्रपात से उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
घटना के बाद दर्जनों ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी शशि कपूर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव का पंचनामा कर उसे अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है।


