
Deoghar : घर के पास खेल रही छह वर्षीय बच्ची को एक अनियंत्रित टोटो चालक ने टक्कर मारते हुए उसके ऊपर वाहन चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल बच्ची की पहचान बिहार के बांका जिला अंतर्गत कटोरिया थाना क्षेत्र के इनारावरन हिरना गांव निवासी आरुषि कुमारी (6 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार सुबह की बताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार आरुषि अपने घर के समीप अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित टोटो के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बच्ची के पेट पर टोटो चढ़ गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन तत्काल बच्ची को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची की स्थिति की जांच की।
प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर निगरानी और इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। घटना के बाद परिजनों ने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी है।
पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। वहीं हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी तेज गति से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



