Deoghar : संदिग्ध परिस्थिति में 49 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के बांका जिला अंतर्गत चांदन थाना क्षेत्र के भंडरा गांव निवासी संजीव यादव के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, रात में खाना खाने के बाद अचानक संजीव यादव की तबीयत बिगड़ने लगी। इसी दौरान उनके हाथ में फोड़ा निकलने लगा।

इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए देवघर के सुभाष चौक स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां कुछ देर तक इलाज कराने के बाद उन्हें बैद्यनाथधाम स्टेशन के बगल में एक स्किन डॉक्टर के पास ले जाया गया। डॉक्टर ने जांच के बाद दवा लिखी और बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया।

इसके बाद परिजन शुक्रवार दोपहर उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस सदर अस्पताल पहुंची।
पुलिस ने परिजनों से पूछताछ करने के बाद शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगा।



