Deoghar : साइबर अपराधियों के खिलाफ देवघर पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक साइबर कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में गुरुवार, 26 नवंबर को तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देवीपुर थाना क्षेत्र के पेशरपुर जंगल में कुछ संदिग्ध लोग विभिन्न तरीकों से लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों में सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के बसमता गांव निवासी बेलाल अंसारी तथा देवीपुर थाना क्षेत्र के जमुनियां गांव निवासी विकास कुमार दास और सिकन्दर दास शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपितों के पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में उनकी संलिप्तता सामने आयी है।
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, आरोपित फर्जी गूगल पे, फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा एयरटेल पेमेंट बैंक का पदाधिकारी बनकर एयरटेल थैंक्स एप के माध्यम से उपभोक्ताओं का कार्ड बंद कर देते थे।
बाद में कार्ड दोबारा चालू कराने के नाम पर सहायता का भरोसा दिलाकर ठगी करते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से दो मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किये हैं।
छापेमारी दल में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार मंडल, देवीपुर थाना के पुअनि प्रशांत कुमार सिंह सहित दोनों थानों के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



