
Deoghar News : पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के निर्देशन में 1 जून को साइबर ठगी के आरोप में अंतरजिला गिरोह के तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

बताया जाता है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट, अमेजन के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक के पदाधिकारी तथा गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर के नाम से आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

इसके अलावा पीएम किसान योजना एवं लोन दिलाने के नाम पर भी फर्जी मोबाइल नंबरों का उपयोग कर लोगों को झांसा देकर ऑनलाइन ठगी की जा रही थी। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ताराबहाल निवासी राजन कुमार मंडल, कासीटांड़ निवासी विकास मंडल तथा देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के बड़ा नवादा निवासी रोहित मंडल शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन और सात सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
बरामद मोबाइल एवं सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं। इस छापेमारी अभियान में साइबर थाना देवघर के एसआई बिशेश्वर कुमार, सहायक अवर निरीक्षक शशीभूषण राय तथा मधुपुर थाना की टीम शामिल थी। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


