
Deoghar: देवघर जिले के सारठ थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरड्डा ओपी के बसहा गांव में रविवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान कमरूद्दीन और जरीना बीबी के रूप में हुई है। दोनों का इलाज देवघर सदर अस्पताल में चल रहा है।

घटना के संबंध में कमरूद्दीन ने बताया कि गांव में जमीन विवाद को लेकर पंचायत चल रही थी। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर आरोपितों ने उन पर हमला कर दिया और मारपीट करने लगे।

मारपीट के दौरान कमरूद्दीन और जरीना बीबी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों को बचाया और इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में दोनों घायलों का उपचार किया जा रहा है।
मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है तथा पूरे मामले की छानबीन कर रही है। जमीन विवाद को लेकर हुई इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।



