
Deoghar: बाबा बैद्यनाथ के भक्तों के लिए भारतीय डाक विभाग ने एक विशेष पहल शुरू की है, जिसके तहत देश भर में कहीं भी अब घर बैठे बाबा बैद्यनाथ धाम का पवित्र प्रसाद प्राप्त किया जा सकेगा।

देवघर प्रधान डाकघर द्वारा शुरू की गई इस सुविधा के माध्यम से श्रद्धालु इलेक्ट्रानिक मनी आर्डर भेजकर बाबा धाम का प्रसाद अपने घर मंगवा सकेंगे। विभाग की इस पहल को खासकर उन श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, जो उम्र, बीमारी, आर्थिक परेशानी या दूरी के कारण देवघर नहीं पहुंच पाते।

डाक विभाग के अनुसार प्रसाद दो श्रेणियों में उपलब्ध कराया जाएगा। 251 में लगभग 200 ग्राम तथा 501 में लगभग 500 ग्राम प्रसाद भेजा जाएगा।
प्रसाद पैकेट में पेड़ा के साथ कलावा, चूड़ा, इलायची दाना, सिंदूर, विभूति, बेलपत्र तथा बाबा बैद्यनाथ धाम के शिवलिंग का चित्र भी शामिल रहेगा।
राशि प्राप्त होने के अधिकतम दो दिनों के भीतर प्रसाद स्पीड पोस्ट से भेज दिया जाएगा। हाल के वर्षों में आनलाइन प्रसाद और विशेष पूजा के नाम पर बढ़ते साइबर फ्राड को देखते हुए यह सरकारी पहल श्रद्धालुओं के लिए भरोसेमंद विकल्प बनकर सामने आई है।


